प्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस का कहना है कि आम आदमी पार्टी ने झाड़ू को चुनाव चिह्न रखकर सफाई कर्मियों के साथ भावनात्मक रिश्ता कायम किया और उनके वोट हासिल कर लिए, लेकिन अब उनकी अवहेलना की जा रही है।
शनिवार को सफाई कर्मचारियों के संगठनों के साथ कांग्रेस की बैठक भी हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने की। लिलोठिया ने बताया कि अनुसूचित समाज को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए 26 सितंबर को छलावा दिवस मनाएगी। कांग्रेस अनुसूचित समाज के हितों की पोषक रही है। उल्लेखनीय है कि 26 सितंबर को आम आदमी पार्टी अधिकार दिवस मना रही है।
पंजाबी मठ ढहाने का सवाल नहीं : सिरसा
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने पुरी जिला कलेक्टर बलवंत सिंह से बातचीत करने के बाद बताया कि ओड़िशा में मंगू और पंजाबी मठों को ढहाने का कोई सवाल नहीं है। ऐसा कोई फैसला नहीं लिया गया है। सिर्फ दुकानों व वाणिज्यिक संस्थानों पर कार्रवाई की जा रही है। धार्मिक भावनाओं को किसी हाल में ठेस नहीं पहुंचाया जाएगा। सिरसा ने बताया कि ओड़िशा के मुख्यमंत्री कार्यालय को भी सिखों की भावनाओं से परिचित करा दिया गया है।