देवेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं संग मिलकर गणेश की मूर्तियां विसर्जित की
- फोटो : अमर उजाला
भगवान श्रीगणेश जी की मूर्तियों को भलस्वा लैंडफिल साइट पर फेंकने के मामले में प्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली सरकार व एमसीडी को आड़े हाथ लिया है। कांग्रेस का कहना है कि स्थानीय निकाय और दिल्ली सरकार की लापरवाही के कारण लाखों लोगों की धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंची है। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भलस्वा लैंडफिल साइट पर बिखरी पड़ी गणेश जी की मूर्ति को एकत्र किया और मिट्टी की मूर्ति को बादली रोड स्थित छठ घाट पर विसर्जित किया।
देवेंद्र यादव ने कहा कि प्रशासन के गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण धार्मिक भावनाओं का निरादर हुआ है। ना केवल भलस्वा बल्कि सभी लैंडफिल साइट पर मूर्तियों को डंप किया गया है। इससे भक्तों की भावनाओं को आघात पहुंचा है। आस्था के साथ कई दिनों तक गणेश जी की पूजा-अर्चना की जाती है, लेकिन गणेश चतुर्थी के बाद इन्हें कूड़ेदान की तरह लैंडफिल में फेंक दिया गया।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी के आदेश के कारण यमुना नदी में विसर्जित की जा रही गणेश मूर्तियों पर प्रतिबंध लगा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भाजपा ने गणेश चतुर्थी के त्योहार पर राजधानी में बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए थे। इस माध्यम से धार्मिक होने का सुबूत भी दिया जा रहा था, लेकिन मूर्ति विसर्जन के लिए कोई विशेष इंतजाम नहीं किया गया। मूर्तियों को विसर्जन के लिए सम्मानजनक स्थान दिया जाना चाहिए था।