जम्मू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जलाया जेपी नड्डा का पुतला
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन करने के लिए कांग्रेसियों ने राजीव भवन से नारेबाजी करते हुए कूच किया। पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने उनको आगे नहीं बढ़ने दिया। यह विरोध प्रदर्शन सोशल मीडिया पर राहुल गांधी की रावण से तुलना करने को लेकर किया गया है। वहीं, जम्मू में विनोद शर्मा, हरि सिंह चिब और अन्य नेताओं ने भाजपा आईटी सेल द्वारा राहुल गांधी के आपत्तिजनक पोस्टर के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का पुतला भी फूंका है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने रामचरितमानस और सुंदरकांड का हवाला देते हुए कहा कि भगवान राम निर्मल मन के व्यक्ति को प्यार करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी को भगवान राम अनुयायी बताया और भाजपा के नेताओं को रामचरितमानस पढ़ने की सलाह दी। लवली ने कहा कि यदि भाजपा में जरा सी भी नैतिकता बची है तो उन्हें इस आपत्तिजनक पोस्ट को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाकर देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
दरअसल, भाजपा ने राहुल गांधी को रावण करार दिया। राहुल की फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- एक्स पर शेयर कर बीजेपी ने अपने आधिकारिक हैंडल (@bjp4india) पर लिखा कि राहुल गांधी का लक्ष्य भारत को बर्बाद करना है। धर्म और राम का विरोध करने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने राहुल गांधी की मॉर्फ्ड फोटो भी शेयर की है। पोस्टर पर राहुल गांधी को रावण बताते हुए भाजपा ने कांग्रेस पर जोरदार हमले का प्रयास किया है। इसी के विरोध में यह प्रदर्शन किए जा रहे हैं।