देश की रक्षा करते शहीद हुए सैनिकों की शहादत पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को इंडिया गेट पर ‘शहीदों को सलाम दिवस’ पर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मौन धरने पर बैठे प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं को पुलिस हिरासत में लेकर तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन ले गई, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। पार्टी नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने नेताओं और कार्यकर्ताओं के हाथों से तिरंगा और शहीद सैनिकों के पोस्टर भी छीन लिए।
मौन धरने पर बैठे प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर बस में बिठा लिया। जहां से उन्हें बाद में उन्हें तिलक मार्ग थाने ले जाया गया। उसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीमाओं पर शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मौन धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं पर इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है।
216 जगहों पर किया गया आयोजन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में 216 अलग-अलग जगहों पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया पर स्पीक अप फॉर जवान्स अभियान के जरिये कांग्रेस पार्टी ने शहादत को नमन करते हुए उनकी कुर्बानी को याद किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद हुसैन दलवाई, एआईसीसी सचिव जितेंद्र बघेल सहित पार्टी के पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।