ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, दो लोगों ने मल्टीस नस्ल के दो कुत्ते के बच्चे बेचने के लिए खर्शीद से संपर्क किया और उन्हें 59 हजार रुपये का चूना लगा दिया। पूर्व कैबिनेट मंत्री की शिकायत पर दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू) ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, केरल के थक्कड़ इलाके के रहने वाले आरोपी टोनी वॉलेस ने खर्शीद से ईमेल के जरिए संपर्क किया था। खर्शीद के प्रतिनिधि ने उससे आगे की बातचीत की। वॉलेस ने पूर्व कैबिनेट मंत्री के प्रतिनिधि से अंकित बदरी नाम के व्यक्ति के खाते में 59 हजार रुपये ट्रांसफर कराने को कहा। पैसे ट्रांसफर होने के बाद वॉलेस ने उनसे यूएस टोल फ्री नंबर और फेसबुक पर उपलब्ध होने की बात कही।
इस दौरान आरोपी ने कुत्ते के बच्चों के हेल्थ चेकअप और उन्हें दिल्ली पहुंचाने के लिए और पैसे मांगे। उसने बताया कि दिल्ली में कुत्तों के बच्चों की डिलीवरी पेसिफिक पेट री-लोकेटर्स नाम की पेट ट्रैवेल एजेंसी करेगी। लेकिन, उनकी डिलीवरी नहीं हुई।
पुलिस ने कहा कि 13 फरवरी को पोर्टल में सर्फिंग के दौरान खुर्शीद को इस धोखाधड़ी के बारे में पता चला। क्योंकि, पहले विज्ञापन में कुत्ते के बच्चों की कीमत 12-12 हजार बताई गई थी। इसके बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री ने 21 फरवरी को बारह खंभा पुलिस थाने में केस दर्ज कराया।
एफआईआर में अंकित बदरी का नाम भी शामिल है। पुलिस ने मामला ईओडब्ल्यू को भेजा। पुलिस के मुताबिक, बैंक खाते की डिटेल और फेसबुक पेज लिंक के जरिए आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है।
खुर्शीद ने कहा कि उन्होंने इस मामले में सभी जानकारियां पुलिस को उपलब्ध करा दी हैं। मामले की जांच शुरू हो गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने साइबर सिक्योरिटी को लेकर चिंता जताई है।