एम्स में भर्ती 12 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता की हालत इस समय बेहद गंभीर है। बच्ची 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में है। उसकी सेहत में कोई सुधार नहीं हो रहा है और वह अभी भी वेंटिलेटर सपोर्ट पर है।
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, बच्ची गम्भीर हालत में है। उसे लगातार वेंटिलेटर सपोर्ट देना पड़ रहा है। शुक्रवार को उसे न्यूरो आईसीयू में स्थानांतरित किया गया था, लेकिन इस समय उसकी हालत ऐसी नहीं है कि सर्जरी की जा सके। बच्ची 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उसे ठीक करने के लिए डॉक्टरों की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि सिर की सूजन कुछ कम हुई है, लेकिन हालत इतनी गंभीर है कि सर्जरी नहीं हो पा रही है। बच्ची के सिर में चोट के गंभीर निशान हैं। इन्ही के कारण उसकी समस्या बढ़ रही है।
पश्चिमी दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में बीते मंगलवार को घर में अकेली 12 साल की बच्ची को दुष्कर्म के बाद कैची से गोदने का मामला सामने आया था। उसे अधमरी हालत में छोड़कर अपराधी फरार हो गए थे। गंभीर हालत में उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां बच्ची की हालत बिगड़ती देख उसे एम्स में रेफर कर दिया गया था।