नई दिल्ली (संवाद)। खराब मौसम के चलते दिल्ली शिक्षा निदेशालय के स्पोर्ट्स ब्रांच की ओर से आयोजित दिल्ली स्टेट स्कूल गेम्स वॉलीबॉल प्रतियोगिता के मुकाबलों को स्थगित कर दिया गया है। प्रतियोगिता पहले 25 अगस्त से शुरू होनी था, लेकिन खराब मौसम की वजह से अब 27 अगस्त से शुरू होगी। शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, दिल्ली स्टेट स्कूल गेम्स के तहत वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन पीतमपुरा वॉलीबॉल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के लिए विभिन्न जोन से खिलाड़ियों की प्रविष्टियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा कराई गई हैं। प्रतियोगिता का आयोजन अब 27 अगस्त से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा।