करनाल बाईपास व वजीराबाद रोड से आईजीआई एयरपोर्ट जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली सरकार वजीराबाद से आईआईजी के बीच सिग्नल फ्री कॉरिडोर बनाने की योजना पर काम कर रही है। करीब 29 किमी लंबे नए कॉरिडोर का कुछ हिस्सा एलिवेटेड व कुछ टनल के जरिए गुजरेगा। इससे लोगों का कम से कम तीस मिनट का वक्त बचेगा।
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने मंगलवार को प्रोजेक्ट से जुड़ी सभी एजेंसियों को निर्देश दिया कि जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर पर काम शुरू करें। खास बात यह है कि मुसाफिरों की सहूलियत के लिए दिल्ली सरकार कॉरिडोर पर हाई स्पीड इलेक्ट्रॉनिक बस चलाने की योजना भी बना रही है।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक, प्रोजेक्ट की शुरुआत सिग्नेचर ब्रिज के नजदीक नजफगढ़ ड्रेन से होगी। ड्रेन के साथ-साथ करीब 9 किमी तक सड़क पूरी तरह एलिवेटेड होगी। इसके बाद यह दक्षिण की तरफ मुड़ जाएगी। आगे यह जखीरा और पंखा रोड इलाके से गुजरेगी। इस बीच सतह पर जगह नहीं होने से करीब 6.1 किमी लंबी टनल का निर्माण होगा। इसके बाद द्वारका के नजदीक कॉरिडोर नेशनल हाईवे-8 से जुड़ जाएगा।