इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की ओर से सीए के पाठ्यक्रम मेें किए जा रहे बदलावों पर जल्द ही लोग अपने सुझाव दे सकेंगे।
दरअसल, संस्थान संशोधित योजना को सार्वजनिक करने की तैयारी कर रहा है, जिससे कि उससे जुड़े व अन्य लोग पाठ्यक्रम को लेकर अपनी राय रख सकें।
नई योजना को 45 दिनों के लिए सार्वजनिक किया जाएगा, जिसके बाद संशोधित योजना के अनुसार अध्ययन सामग्री को तैयार किया जाएगा।
मालूम हो कि आईसीएआई सीए पाठ्यक्रम में बदलाव करने जा रहा है। संभवत: अगले वर्ष 2016 से नए पाठ्यक्रम को लागू कर दिया जाए। इसके लिए पाठ्यक्रम के अंतिम रूप देने का काम किया जा रहा है।
संस्थान का मानना है कि पाठ्यक्रम पर लोगों के विचार जानना जरूरी है। खासकर सीए करने के इच्छुक छात्रों की राय बेहद जरूरी है। लिहाजा संस्थान जल्द ही नई योजना को 45 दिनों के लिए सार्वजनिक टिप्पणी के लिए ऑनलाइन करेगा।
सुझाव पर गहन अध्ययन करने के बाद संशोधित योजना के अनुसार अध्ययन सामग्री को तैयार किया जाएगा। संस्थान की छात्रों को सलाह है कि उन्हें मौजूदा पाठ्यक्रम पर ही ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
जब संशोधित योजना को लागू किया जाएगा, उससे पहले उसके विषय में जानकारी दी जाएगी। नए पाठ्यक्रम में छात्रों के व्यक्तित्व के विकास और छात्रों की आवश्यकताओं पर फोकस किया गया है।
पाठ्यक्रम में इस तरह से बदलाव किए गए जो कि बाजार की आवश्यकताओं को पूरा करने में मददगार बनेंगे और ग्लोबल स्तर पर छात्रों को उनका लाभ मिलेगा।