युवाओं में बढ़ रहे नशे की लत को रोकने के लिए सभी जिलों में तालमेल कमेटियां बनाई जाएंगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों के डीसी को ये निर्देश दिए हैं। इसी संबंध में डीसी चंद्रशेखर की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया और जिला स्तरीय तालमेल कमेटी के गठन करने का विचार विमर्श किया गया।
कमेटी का मुख्य उद्देश्य ड्रग्स ट्रैफिकिंग को रोकना होगा। उपायुक्त ने बताया कि प्रत्येक 3 माह में यह मीटिंग बुलाई जाएगी अवैध ड्रग ट्रैफिकिंग को रोकने के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से सुझाव मांगे गए।
ड्रग पर कंट्रोल करने के लिए स्कूलों एवं कॉलेजों में तथा गांव में अन्य संस्थानों में जाकर सेमीनार करने व जिला के युवाओं में जागरुकता के लिए सामाजिक संस्थानों की सहायता के बारे में भी विचार विमर्श किया गया।
बैठक में डीसीपी पूर्णचंद्र पवार, फरीदाबाद के एसडीएम महावीर प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुशीलादेवी, सीएमओ, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।