ट्रैक्टर और बाइक में टक्कर, दो की मौत
- फोटो : अमर उजाला
शास्त्री पार्क ट्रैफिक लाइट पर बृहस्पतिवार रात भूसे से लदे एक ट्रैक्टर से आगे निकलने के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल उससे टकरा गई। टक्कर लगते ही बाइक चला रहा गुलरेज (23), उसका पांच साल का बेटा अनस और भतीजा सरफराज (16) गिर गए। जब तक ट्रैक्टर चालक ब्रेक लगाता, तब तक पहिया तीनों के ऊपर से गुजर गया। हादसे में अनस और सरफराज की मौत हो गई, जबकि गुलरेज की हालत नाजुक है। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गुलरेज सपरिवार पांचवां पुश्ता उस्मानपुर में रहता है। वह डाई के रंग बनाने का काम करता है। बृहस्पतिवार रात वह बाइक से बेटे अनस को लेकर सदर बाजार में रहने वाले बड़े भाई गुलशेर अली के घर गया था। रात में खाना खाने के बाद वह बेटे को लेकर घर लौटने लगा।
नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला उसका भतीजा सरफराज भी साथ जाने की जिद करने लगा। वह बेटे और भतीजे को लेकर घर आ रहा था। शास्त्री पार्क ट्रैफिक लाइट के पास गुलरेज भूसे से लदे एक ट्रैक्टर से आगे निकलने की कोशिश करने लगा। वह फुटपाथ के किनारे आ गया और इसी दौरान उसकी टक्कर ट्रैक्टर से हो गई। टक्कर लगते ही तीनों गिर गए। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक जब तक ब्रेक लगा पाता, उसका पहिया तीनों के ऊपर चढ़ गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तीनों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अनस और सरफराज को मृत घोषित कर दिया, जबकि गुलरेज का इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में संदीप ने बताया कि वह कश्मीरी गेट इलाके से भूसा लेकर गाजीपुर स्थित डेयरी फार्म जा रहा था।
शरीर के हुए दो टुकड़े
चश्मदीदों ने हादसे के बाद वहां खौफनाक मंजर देखा। उन्होंने पुलिस को बताया कि हादसे के तुरंत बाद लोगों ने तीनों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। मासूम अनस के शरीर के दो टुकड़े हो गए थे, जबकि सरफराज के शरीर के बाएं हिस्से का मांस बाहर निकल गया था। गुलरेज की सांसें चल रही थी।