हरियाणा पुलिस में दरोगा के बेटे ने नशे में धुत होकर अपनी तेज रफ्तार मर्सिडीज से वैगनआर कार को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार घूमकर सड़क किनारे खड़े टेंपों से टकरा गई। इस दौरान चिड़ियों को दाना डाल रहीं 70 साल की बुजुर्ग महिला उर्मिला की टेंपो व कार के बीच में आने से मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने मर्सिडीज चला रहे शुभम को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों का आरोप है कि शुभम नशे में था और उसकी गाड़ी से बीयर केन मिला। आरोपी 80 से 90 किमी की रफ्तार से कार चला रहा था। हादसे में वैगनआर चालक नरेंद्र भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी शुभम के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि शुभम दोस्तों संग पार्टी कर नरेला स्थित अपने घर वापस जा रहा था।
गाड़ी के आगे-पीछे अलग-अलग नंबर लगा रखे थे
हादसा मामूरपुर के हिमालय अपार्टमेंट के सामने सुबह करीब 8 बजे हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी शुभम नरेला के ग्रीन वैली अपार्टमेंट में रहता है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार शुभम ने अपने दोस्त से खरीदी है, लेकिन अभी कागज में उसका नाम दर्ज नहीं हुआ है।
- मर्सिडीज के आगे और पीछे के नंबर अलग-अलग थे। कहा जा रहा है कि चालान से बचने के लिए उसने यह हरकत की थी। उसकी गाड़ी में बीयर की केन भी मिली है। शुभम पिछले साल एमए की पढ़ाई पूरा कर चुका है और अभी बेरोजगार है।
स्थानीय बोले...शराब-चिकन की दुकान की वजह से हादसा
- स्थानीय निवासी राजवीर सिंह ने बताया कि हादसे के समय वह पार्क में घूम रहे थे। टक्कर की आवाज आते ही भागे तो देखा उर्मिला गाड़ी की चपेट में आ गई थीं। राजवीर ने बताया कि मर्सिडीज की रफ्तार 80 से अधिक रही होगी।
- स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे वाली जगह से कुछ ही दूर शराब और चिकन की दुकान हैं। अक्सर लोग यहां से नशे में गाड़ी निकालते हैं।