नॉलेज पार्क का एक निजी कॉलेज पिछले एक सप्ताह से बंद है। कॉलेज पर ताला लगाकर प्रबंधन समेत पूरा स्टाफ और कर्मचारी गायब हैं। अब लगभग 500 छात्रों का भविष्य अधर में है। इसके चलते छात्रों ने सोमवार को कॉलेज के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि डायरेक्टर और चेयरमैन का फोन बंद है। कही से कोई जानकारी नहीं मिल रही है। पुलिस शिकायत नहीं सुन रही। अब परेशान छात्रों ने जिला प्रशासन से शिकायत की है।
कॉलेज में बीए-एलएलबी, बीएसी-नर्सिंग, रेडियोलॉजी और बीपीटी कोर्सों में पढ़ाई कर रहे छात्रों का प्रथम व द्वितीय वर्ष के सेमेस्टर परीक्षाओं का परिणाम नहीं आया है। साथ ही अगली परीक्षा होने की उम्मीद भी नहीं है। इस मामले में छात्र कई बार कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन प्रबंधन हर बार छात्रों को बहाना बताकर टाल देता है।
छात्र भी भविष्य खराब होने की डर से शांत हो जाते हैं। इस बार छात्र कॉलेज के सभी विभागों में पिछले एक सप्ताह से ताले लगे होने से ज्यादा परेशान हैं। छात्रों का कॉलेज प्रबंधन से संपर्क नहीं हो पा रहा है। आरोप है कि कॉलेज की मान्यता चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी ने रद्द कर दी है।
इसी डर से डायरेक्टर और चेयरमैन के साथ सभी कर्मचारी भाग गए हैं। गेट पर केवल दो सिक्योरिटी गार्ड बैठे हैं। उन्हें भी किसी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। कासना थाने में शिकायत नहीं सुने जाने के बाद सोमवार को छात्र जिलाधिकारी कार्यालय में अपनी समस्या को लेकर पहुंचे लेकिन सार्वजनिक अवकाश के चलते उन्हें मंगलवार को बुलाया गया है।