ठंड इस बार रोज नए रिकॉर्ड तोड़ रही है। रविवार को राजधानी का न्यूनतम पारा शिमला (3.5) से भी कम 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सोमवार को भी इस ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने भी शीतलहर के साथ ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिन में तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस जबकि रात का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के अनुमान है।
सुबह के समय घना कोहरा और बर्फीली हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। ठंड के चलते सड़कों पर आवाजाही कम रही और खुले इलाकों में कंपकंपाती ठिठुरन महसूस की गई। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बेघर लोगों के लिए ठंड चुनौती बनकर सामने आई। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के चलते तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी सुबह और रात के समय भीषण ठंड बने रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने मंगलवार को भी ऐसे ही हालात बने रहने की बात कही है। राजधानी और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 12 जनवरी से 17 जनवरी के बीच आसमान साफ रहने के आसार जताए हैं। हालांकि सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। 13 जनवरी को तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
13 जनवरी को ऑरेंज अलर्ट जारी
राजधानी और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 12 जनवरी से 17 जनवरी के बीच आसमान ज्यादातर साफ रहने की संभावना है, हालांकि सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति भी बनी रह सकती है। 13 जनवरी को तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस दिन भी कुछ स्थानों पर शीतलहर का असर बना रहेगा और सुबह के समय कोहरा देखने को मिलेगा। ऐसे में मौसम विभाग ने शीतलहर के साथ ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
14 जनवरी को भी यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, 14 जनवरी को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा। दिन का तापमान 19 से 21 डिग्री और रात का तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि, शीतलहर का असर कुछ जगहों तक सीमित रहने की संभावना है। सुबह हल्का से मध्यम कोहरा बना रहेगा। ऐसे में मौसम विभाग ने कोहरे व ठंड के यलो अलर्ट जारी किया है। 15 जनवरी से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं। अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन सुबह के समय कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। 16 और 17 जनवरी को भी मौसम लगभग समान रहने की संभावना है। इन दिनों अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा।