ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 स्थित एक नामी फूड चेन रेस्टोरेंट के समोसे में कॉकरोच निकलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक सोसाइटी निवासी ने ऑनलाइन ऑर्डर से समोसे मंगवाए थे। खाने के दौरान एक कॉकरोच मिला। जिसकी शिकायत नामी फूड चेन और खाद्य विभाग से की है। वहीं, विभाग का कहना है कि अभी जानकारी नहीं मिली है। शिकायतकर्ता से संपर्क कर जांच की जाएगी।
निवासियों ने बताया कि सेक्टर-10 की एटीएस हैप्पी ट्रेल्स सोसाइटी की मार्केट में नाम फूड चेन कंपनी का रेस्टोरेंट है। स्थानीय सोसाइटी के एक निवासी ने रेस्टोरेंट से ऑनलाइन खाद्य पदार्थ मंगवाए थे। इनमें समोसे भी शामिल थे। आरोप है कि एक समोसे के अंदर कॉकरोच मिला है। पीड़ित ने इसकी शिकायत रेस्टोरेंट में की, जिस पर रेस्टोरेंट का एक कर्मचारी पीड़ित के घर पहुंचा।
पीड़ित ने समोसे के अंदर कॉकरोच दिखाया। इसका फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। वहीं, लोगों का आरोप है कि नामी रेस्टोरेंट के खाने से कई बार शिकायत आ चुकी है। इसके बाद भी उस पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहां पर साफ सफाई नहीं है। इसके बाद भी लाइसेंस देने पर सवाल उठाए है। वहीं, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा का कहना है कि अभी शिकायत नहीं मिली है। ऑनलाइन शिकायत की जानकारी मिली है। उस पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।