सैमसंग कंपनी की नई इकाई का उद्घाटन करने के लिए सोमवार को नोएडा आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किसानों ने काले झंडे दिखाने की बात कही थी, लेकिन जिलाधिकारी ने किसानों के संगठन को रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलवाकर उनको शांत करा दिया।
किसानों ने निर्णय लिया है कि वह पीएम को काले झंडे नहीं दिखाएंगे, लेकिन योगी के आश्वासन से वह संतुष्ट नहीं है। जल्द ही आंदोलन की रणनीति बनाएंगे। जिलाधिकारी ने किसानों को वार्ता के लिए रविवार सुबह में नोएडा कैंप आफिस पर बुलाया।
इस दौरान किसानों ने जिलाधिकारी से शर्त रखी कि अगर वह मुख्यमंत्री से उनकी वार्ता करा देंगे तो पीएम को काले झंडे नहीं दिखाएंगे। इसके बाद किसानों को जिलाधिकारी ने करीब 2 बजे बुलाया और सैमसंग कंपनी के एक हॉल में बैठा दिया।
सीएम ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की, लेकिन सीएम ने किसानों से ही सवाल कर दिया कि क्या वह जिले और यूपी का विकास नहीं चाहते हैं। क्या नोएडा से एयरपोर्ट को दूसरे प्रदेशों में भेजना चाहते हैं। इस पर किसानों ने कहा कि वह ऐसा कतई नहीं चाहते हैं, लेकिन हमें भी हक मिलना चाहिए।
सीएम के साथ केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, उद्योग मंत्री सतीश महाना, नोएडा विधायक पंकज सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह और जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह के अलावा डीएम और एसएसपी भी मौजूद रहे। वहीं, किसानों के प्रतिनिधि मंडल में पूर्व चेयरमैन बिजेंद्र भाटी, डॉ. रूपेश वर्मा, कपिल गुर्जर, अमित पहलवान, सुखवीर आर्य, प्रवीण भारतीय, प्रमोद भाटी, अशोक कैप्टन, सुनील फौजी समेत कई अन्य किसान भी मौजूद रहे।