जिले में सीएम विंडो की लंबित शिकायतों को लेकर बृहस्पतिवार को सीटीएम सतबीर मान ने लघु सचिवालय में संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी अनुल जैन भी उपस्थित थीं।
सीटीएम ने कहा कि सीएम विंडो राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति बिजली, पानी, सड़क, सीवरेज, पार्क, शिक्षा व सफाई जैसी अन्य सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाओं के बारे में अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
वह शीघ्र समाधान की उम्मीद रखता है, इसलिए अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें और समस्याओं का प्रमुखता से समाधान करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह शिकायतों का निस्तारण कर उसकी सूचना शिकायतकर्ता को जरूर दें। उन्होंने साफ कहा कि सीएम विंडो की शिकायतों को लेकर सरकार बहुत गंभीर है।
यदि किसी अधिकारी ने लापरवाही बरती तो वह खुद उसके लिए जिम्मेदार होंगे। बैठक में राजस्व विभाग, पंचायती राज, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा, बिजली वितरण निगम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर निगम, वन विभाग, जिला ग्रामीण एवं शहरी विकास अभिकरण, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग आदि के अधिकारी उपस्थित थे।