बोलीं- शिकायत सुनना नहीं, समाधान तक पहुंचाना मकसद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में बुधवार को आयोजित जनसुनवाई में दिल्ली के विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने जलभराव, सीवर, बिजली, शिक्षा, सफाई और अवैध निर्माण से जुड़ी शिकायतें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सामने रखीं। सीएम ने एक-एक शिकायत सुनी और कई मामलों में अधिकारियों को तत्काल जांच कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाधान तक पहुंचाना मुख्य उद्देश्य है। शिक्षा और बच्चों से जुड़े मामलों पर विशेष जोर देते हुए सीएम ने कहा कि ऐसे मामलों में लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। शिकायतकर्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका ध्यान रखने को कहा। जनसुनवाई में महिलाओं ने दिल्ली लक्ष्मी योजना की पहली किस्त जारी होने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।