राज्य सरकार ने सीएम विंडो सिस्टम शुरू करने के साथ-साथ लोगों को सोशल साइट्स से भी जुड़ने का अवसर दिया है।
यानि शहरवासी मुख्यमंत्री से ट्विटर, फेसबुक और यूट्यूब के जरिए भी जुड़ सकते हैं। खास बात यह है कि सरकार की ओर से ट्विटर व फेसबुक पर की गई टिप्पणी का पूरा जवाब भी मिलेगा।
यही नहीं सरकार ने लोगों की सुविधाओं को देखते हुए हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी भाषा में भी अपनी शिकायत सीएम विंडो में करने की सुविधा दी है।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि सीएम वेबपोर्टल जनता की सुविधा के लिए हिंदी-अंग्रेजी और पंजाबी तीन भाषाओं में उपलब्ध है। कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल एप के माध्यम से फेसबुक, ट्विटर व यूट्यूब पर मुख्यमंत्री से जुड़ सकता है।
इसके अलावा सूचना, जनसंपर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से सरकार की उपलब्धियों पर जारी की गई विज्ञप्तियां, मुख्यमंत्री व मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी, मुख्यमंत्री के विभिन्न अवसरों पर दिए गए भाषण व एक अनूठी फोटो गैलरी का भी लिंक पोर्टल पर उपलब्ध करवाया गया है।
यह वेबपोर्टल प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से बनाए गए प्रधानमंत्री के वेबपोटर्ल तर्ज पर बनाया गया है और इसमें अतिरिक्त लिंक दिए गए हैं।
जिला उपायुक्त डॉ. अमित अग्रवाल का कहना है कि कोई भी व्यक्ति पोर्टल के लिए haryanacmoffice.gov.in पर लिंक कर सकता है।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर शिकायत की समीक्षा करने के बाद शिकायत सीएम प्रकोष्ठ निवारण तंत्र में भेजा जाएगा। शिकायतकर्ता को उसकी ओर से भेजी गई शिकायत का जवाब अवश्य मिलेगा। इसकी व्यवस्था सरकार ने सुनिश्चित की है।