आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. नवीन जयहिंद ने शुक्रवार को सिविल लाइन में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा, अब तक राजनीतिक पार्टियां लोगों को गुमराह कर उनका मत हासिल करती रही हैं, पहली बार आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली-पानी का मुद्दा उठा रही है और इस दिशा में दिल्ली सरकार ने इन व्यवस्थाओं में मूल परिवर्तन किया है। ऐसी ही व्यवस्था हरियाणा में भी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा, केजरीवाल की जनसभा में लोग काले कपड़े पहनकर आ सकते हैं, कोई मनाही नहीं है।
उन्होंने 24 नवंबर को गोशाला मैदान में होने वाली दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जनसभा के बारे में बताते हुए आरोप लगाया कि केजरीवाल की जनसभा को विफल करने में पूरा सरकारी अमला लगा हुआ है, प्रचार सामग्री फाड़ी और हटवाई जा रही है। प्रधानमंत्री की रैली में यदि कोई गलती से काले कपड़े पहनकर चला गया तो उसे नजरबंद कर दिया जाता है, लेकिन केजरीवाल की जनसभा में ऐसा कोई प्रतिबंध नहीं होगा।
लोग काले कपड़े पहनकर जनसभा में आ सकते हैं। जयहिंद ने कहा कि फिलहाल आप प्रदेशभर में 10 जनसभाएं करेगी लेकिन अगर फिर से भाजपा सरकार ने केजरीवाल का रास्ता रोका तो 20 जनसभा करेगी। इस अवसर पर दक्षिण हरियाणा के प्रभारी व दिल्ली के समयपुर बादली से विधायक अजेश यादव, आप जिलाध्यक्ष महेश यादव, प्रदेश प्रवक्ता आरएस राठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।