केजरीवाल सरकार ने डोरस्टेप डिलीवरी के लिए 7 अलग-अलग विभागों की 40 सेवाओं को चुना है जो सीधे आवेदकों के घर तक पहुंचाई जाएंगी। इन सेवाओं में जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, शादी का रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन, नया पानी या सीवर कनेक्शन या कटवाने के लिए आवेदन जैसी कुल 40 सेवाएं हैं।
हालांकि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दावा किया है कि आगे चलकर इन सेवाओं की संख्या 40 से बढ़ाकर 70 कर दी जाएंगी। अभी जिन 40 सेवाओं की डोर स्टेप डिलीवरी की बात है उनके लिए 2017 में करीब 25 लाख आवेदन आए थे।
दिल्ली सरकार ने अपनी इस योजना के लिए एक नंबर जारी किया है। यह खास नंबर है 1076। जो लोग सेवाएं घर तक लेने के इच्छुक हैं वो इस पर फोन कर 'मोबाइल सहायक' से अपॉइंटमेंट तय कर लें। अपॉइंटमेंट लेने का मतलब है कि आप कब सरकार के प्रतिनिधि को अपने घर बुलाना चाहते हैं ये तय करना जरूरी होगा।
अपॉइंटमेंट का समय सुबह 8 से रात 10 बजे तक सुनिश्चित किया गया है। इसका मतलब ये है कि आपके घर मोबाइल सहायक इसी समय के बीच आ सकता है। हालांकि बता दें कि कॉल सेंटर सातों दिन खुला रहेगा और यहां फोन कर आप मिलने का समय तय कर सकते हैं।
जिस समय का अपॉइंटमेंट होगा सरकार का प्रतिनिधि उसी समय आपके घर एक टैबलेट के साथ पहुंचेगा। इसके बाद वह आपसे फॉर्म भरवाएगा और जरूरी दस्तावेज अपलोड करेगा। सभी प्रक्रिया पूरी होने पर वह आपसे 50 रुपए का शुल्क वसूल करेगा। इसके बाद आपको जो सर्टिफिकेट चाहिए वह आपके घर पोस्ट के जरिए पहुंच जाएंगी।