इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यावरण और जनकल्याण पर फोकस करेगी सरकार
पुरानी सरकार पर कर्ज और अनियमितताओं का मुद्दा भी उठा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से मुलाकात की। इस दौरान राजधानी के विकास, ग्रीन बजट, जनकल्याण से जुड़े प्रोजेक्ट्स और भविष्य की दिशा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल का ग्रीन बजट इंफ्रास्ट्रक्चर को गति देने, पर्यावरण को प्राथमिकता देने और लोगों का जीवन बेहतर बनाने पर केंद्रित है। इस मुलाकात से एक दिन पहले एलजी संधू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने बजट चर्चा के दौरान कहा था कि अब दिल्ली में टकराव नहीं, बल्कि बदलाव और काम की राजनीति होगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार लंबित भुगतानों को तेजी से पूरा कर रही है। इसके तहत खिलाड़ियों, कमजोर वर्गों, छात्रवृत्तियों और किशोरी योजना से जुड़े बकाये चुकाए गए हैं। सीएम ने बताया कि एससी, एसटी और ओबीसी छात्रों की 114 करोड़ रुपये की ट्यूशन फीस और दिल्ली के सरकारी कॉलेजों के लिए 538 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
सीएम ने पिछली आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सार्वजनिक निर्माण विभाग की परियोजनाओं में अनियमितताएं हुईं और एक मामले में बिना काम के 250 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकार 47 हजार करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ गई है, जिसे मौजूदा सरकार संभाल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब हर रुपये का हिसाब होगा और हर परियोजना पूरी की जाएगी।