परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के घर आयकर विभाग की छापेमारी पर आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर तीखा हमला बोला है। वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से हिसाब मांगा है कि केंद्र आप के मंत्रियों के यहां पहले हुई छापेमारी का हिसाब दे।
पार्टी का कहना है कि मुख्यमंत्री समेत दूसरे मंत्रियों व नेताओं को डराने के लिए मारे गए छापों की तरह इस बार भी केंद्र सरकार को कुछ नहीं मिलेगा। छापेमारी की सूचना मिलने के थोड़ी देर बाद अरविंद केजरीवाल ने सवाल किया कि नीरव मोदी, माल्या से दोस्ती और हम पर रेड?
प्रधानमंत्री का नाम लेते हुए केजरीवाल ने ट्वीट किया कि आपने मुझ पर, सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया पर भी तो रेड करवाई थी? उनका क्या हुआ? कुछ मिला? नहीं मिला? तो अगली रेड करने के पहले दिल्ली वालों से उनकी चुनी सरकार को निरंतर परेशान करने के लिए माफी तो मांग लीजिए?
राफेल रक्षा सौदे में आज सुप्रीम कोर्ट के फैसले से ध्यान हटाने के लिए कैलाश गहलोत के घर नरेंद्र मोदी रेड की नौटंकी करा रहे हैं। नौटंकी से कुछ नही होगा। देश को बताएं कि राफेल में दलाली किसने खाई, मोदी ने? भाजपा ने? या फिर अंबानी ने?
- संजय सिंह, आप सांसद