मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुलाकात की।
एशियन गेम्स में दिल्ली के 11 पदक विजेताओं से मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुलाकात की। केजरीवाल ने पदक विजेताओं की तारीफ करते हुए कहा कि कई खिलाड़ियों ने मुश्किल हालात व बगैर संसाधन के कामयाबी हासिल की है।
साथ ही भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार खिलाड़ियों के लिए जो भी कर सकती है, वह जरूर करेगी। इस मौके पर खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार पूरी दुनिया में दिल्ली व देश का नाम रोशन करने वाली खेल प्रतिभाओं को पुरस्कार राशि से सम्मानित करने के लिए एक बड़ा आयोजन करेगी।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को बताया कि दिल्ली सरकार ने खेल नीति में बदलाव किया है। इससे पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अब पुरस्कार के रूप में ज्यादा रकम मिलेगी। एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को अब 20 लाख रुपये की जगह एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।