बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 5.3 और अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शुक्रवार को पूरे दिन राजधानी में बादलों की आवाजाही के बीच लोगों को धूप से कुछ राहत तो मिली लेकिन गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान भी किया। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 5.3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को भोर में न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली में बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई। इस दौरान 0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, धूप निकलने के बाद उमस और गर्मी ने लोगों को खूब परेशान किया।
-
सप्ताहभर में बारिश से तीन डिग्री तक कम होगा तापमान
मौसम विज्ञान विभाग की ओर से आने वाले एक सप्ताह तक हल्की बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा तेज हवाएं चलने से तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक कमी आने का अनुमान जताया है।