नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र के पाई सेक्टर स्थित सिद्धि विनायक हॉस्टल में फांसी लगाकर जान देने वाली छात्रा के परिजनों ने उसके एक साथी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया आरोपी मानते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कासना पुलिस ने बताया कि बनारस निवासी जयश्री के पिता नरेंद्र गुप्ता ने कासना कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि उनकी बेटी ने उन्हें मैसेज किया था, जिसमें लिखा था कि उसकी मौत का जिम्मेदार उसका सहपाठी अल्फा-दो निवासी राघव है। पुलिस ने मामला दर्ज करके प्रथम दृष्टया आरोपी मानते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि जयश्री और आरोपी छात्र राघव के बीच गहरी दोस्ती थी और कुछ दिन पहले एक अन्य छात्रा को लेकर हुए मनमुटाव से दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया। उसके बाद से छात्रा तनाव में थी।
पीड़ित पिता का आरोप है कि राघव ने एक मैसेज में जयश्री को मरने के लिए प्रेरित किया था और उसी मैसेज को लिखते हुए उसने उन्हें सूचना दी, जिससे प्रतीत हुआ कि राघव ही जयश्री की मौत का जिम्मेदार है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शनिवार देर रात जयश्री ने हॉस्टल में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी।