कंपार्टमेंट की 28 जुलाई को परीक्षा दे चुके छात्रों को परिणाम का इंतजार
तीसरा राउंड शुरू होने के साथ घट रहीं सीटें, रजिस्ट्रेशन के बावजूद दाखिले को लेकर बढ़ी चिंता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा का इंतजार कई छात्रों के डीयू में नियमित कॉलेज के दाखिले के सपने पर भारी पड़ता दिख रहा है। 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा 28 जुलाई को हो चुकी है, लेकिन 10 अगस्त तक परिणाम जारी नहीं हुआ है। वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक में दाखिले की प्रक्रिया तेजी से बढ़ रही है। तीसरा राउंड भी शुरू हो चुका है और प्रत्येक राउंड के साथ पसंदीदा कॉलेजों और पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या घटती जा रही है।
ऐसे में कंपार्टमेंट परीक्षा देने वाले छात्रों को डर है कि रिजल्ट आने तक कहीं दाखिले के अवसर ही खत्म न हो जाएं। डीयू ने मिड एंट्री खोलते समय कहा था कि कंपार्टमेंट परीक्षा दे चुके छात्र स्नातक दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को पूरा जरूर करें। काफी छात्रों ने पंजीकरण भी कराया है। अब तक नतीजे नहीं आने से वह परेशान हैं। वहीं, अभी बोर्ड ने परिणाम जारी करने की निश्चित तिथि की घोषणा नहीं की है।
इधर, डीयू में कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) के तहत दाखिला प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। तीसरे राउंड के लिए सीट स्वीकार करने का मंगलवार को आखिरी दिन है। सीटें खाली रहने पर ही डीयू अन्य राउंड की काउंसलिंग आयोजित करेगा।
छात्रों ने डीयू में दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन कर रखा है। उनका कहना है कि यदि रिजल्ट तीसरे राउंड के बाद आता है तो उन्हें उपलब्ध सीटों में ही विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं। कई छात्रों को आशंका है कि तब तक उनके पसंदीदा कॉलेज और पाठ्यक्रम में सीटें नहीं बचेंगी। सीटें नहीं बचने पर उनके पास डीयू में दाखिले के लिए केवल स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग का विकल्प ही बचेगा।