दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्रा गली नंबर 6 ए, ई-ब्लॉक में रहती है। वह अपने भाई के साथ कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ती है और 11वीं कक्षा की छात्रा है। गुरुवार दोपहर छात्रा अपनी मां व छोटे भाई के साथ स्कूल से लौट रही थी। जब वह बी-ब्लाक में मकान नंबर 15 के सामने पहुंची तो तभी दो युवक पैदल आए और उसे पीछे से गोली मार दी। छात्रा वहीं गिर गई।
आरोपी युवक कुछ दूरी पर खड़ी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छात्रा को बत्रा अस्पताल में भर्ती कराया है। छात्रा के पिता ने बताया कि उसकी बेटी को मोहल्ले में रहने वाला अली नाम का युवक एक साल से परेशान कर रहा था। पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।