यात्रियों की दिक्कत को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ दीपक अग्रवाल ने रोडवेज को निर्देश दिया है कि हर 10 मिनट में स्टॉप पर यात्रियों को बस मिले।
उन्होंने दो और बसें बढ़ाते हुए निर्धारित 10 बसों का बेड़ा करने को कहा है। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार से 10 सिटी बसें दौड़ेंगी। गौरतलब है कि सोमवार से ग्रेनो में सिटी बस सेवा शुरू हुई थी।
बसें कम होने से स्टॉप पर बस देरी से आने पर यात्री ऑटो का सहारा ले रहे थे। वहीं, रोडवेज अधिकारी ने जल्द ही सिटी बसों के बेड़े में बची दो बसों को लगाने की बात कही है। इनमें 5-5 बसें क्लॉक वाइज और एंटी क्लॉक वाइज चलेंगी। इससे लोगों को अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
सीईओ का कहना है कि सिटी ट्रांसपोर्ट के लिए 10 बसों को चलाना था। बस का इंतजार बढ़ने पर यात्री दूसरे साधन का उपयोग करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में हर 10 मिनट में स्टॉपेज पर बसों के मिलने से मुसाफिरों में जागरूकता के साथ सिटी ट्रांसपोर्ट का उपयोग बढ़ेगा।