पूर्वी दिल्ली। जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास ईदगाह की तरफ बृहस्पतिवार दोपहर करीब आठ साल का बच्चा नाले में डूब गया। सूचना मिलने पर वेलकम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद जिला आपदा प्रबंधन की टीम के चार गोताखोरों ने रेस्क्यू बोट की मदद से नाले और सीवर चैनल की तलाशी ली लेकिन देर शाम तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार दोपहर में जनता मजदूर कॉलोनी निवासी शादाब अली ने सूचना दी थी कि जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास ईदगाह की तरफ एक बच्चा नाले में डूब गया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो बच्चे की उम्र करीब आठ साल बताई गई। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
बच्चे की तलाश में जिला आपदा प्रबंधन की टीम के चार गोताखोर लगाए गए हैं। पुलिस आसपास के इलाके में लोगों से पूछताछ कर बच्चे की पहचान करने की कोशिश कर रही है। ब्यूरो