सरकार राजधानी की सड़कों का पब्लिक ऑडिट कराने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीडब्ल्यूडी को निर्देश भी जारी कर दिया है।
टूटी सड़कों पर नाराजगी जताते हुए केजरीवाल ने विभाग को चेतावनी दी है कि 15 दिसंबर तक सभी सड़कों की मरम्मत हो जानी चाहिए। इसके अगले दिन आम दिल्लीवासी सड़कों का ऑडिट करेंगे। इस दौरान अगर सड़क कहीं टूटी मिली तो सीधे संबंधित इलाके का इंजीनियर जिम्मेदार होगा।
पीडब्ल्यूडी के साथ समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि सड़कों के रखरखाव व मरम्मत के लिण् हर साल बजट आवंटित किया जाता है। लेकिन कई बार उसका उचित तरीके से इस्तेमाल नहीं होता। केजरीवाल ने इसे गलत बताया है।
साथ ही विभाग के प्रमुख सचिव को निर्देश दिया कि 15 दिसंबर तक दिल्ली की सभी सड़कों की मरम्मत करवा दें। किसी भी सड़क पर गड्ढा नहीं होना चाहिए। इसका शपथपत्र भी सरकार को देना होगा।