नई दिल्ली। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने बुधवार को झंडेवालान स्थित सिद्ध पीठ देव स्थान मंदिर श्री हर श्री नाथ और नारायणा स्थित दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के गुरु पूजन समारोह में भाग लेकर संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। हर्ष मल्होत्रा ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु पूजन भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा है, जो समाज में सद्गुणों और संस्कारों का संचार करती है। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव बब्बर, विधायक उमंग बजाज सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। ब्यूरो
गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने किया पूजन, गुरु परंपरा का दिया संदेश
नई दिल्ली। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को अलग-अलग मंदिरों में दर्शन-पूजन कर दिल्ली और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर मार्ग स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए राष्ट्र की प्रगति, दिल्ली के सर्वांगीण विकास तथा समाज में शांति, सद्भाव और समरसता की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले शिक्षक नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा दिखाने वाले पथ प्रदर्शक होते हैं। अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने करोल बाग स्थित 108 फुट संकटमोचन धाम में भगवान हनुमान के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि सच्चा गुरु अज्ञान के अंधकार को ज्ञान के प्रकाश में बदलकर व्यक्ति को सत्य, सेवा और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ाता है। ब्यूरो