दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने कहा कि जिस तरह जंगलों के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है, ठीक उसी तरह सफल चुनाव के बिना भी लोकतंत्र की कल्पना नहीं की जा सकती।
मंगलवार को उत्तरी दिल्ली नगर निगम और एक निजी एफएम रेडियो चैनल के संयुक्त तत्वाधान में केशवपुरम सी ब्लॉक में आयोजित ओ-2 मूवमेंट इनिशिएटिव कार्यक्रम में राजधानी के पहले मानव निर्मित वन में पौधरोपण के दौरान उन्होंने यह बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक वोट एक बीज के समान है, जो कि लोकतंत्र रूपी वृक्ष को मजबूत करता है। उन्होंने दिल्ली के मतदाताओं से 8 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में भाग लेने की अपील की। पिछले लोकसभा चुनाव में 60.5 फीसदी मतदान हुआ था। उन्होंने इन आंकड़ों में और भी ज्यादा वृद्धि होने की उम्मीद जताई है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष रूप से डिजाइन चार मोबाइल एप बनाए हैं। इसमें एक वोटर हेल्पलाइन एप मतदाताओं की मदद करता है, जबकि पीडब्ल्यूडी एप दिव्यांग मतदाताओं को चुनाव के दौरान सहायता देने के उद्देश्य से बनाया है।
तीसरा एप सी विजिल नाम से है, जिससे यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाग लेने वाले राजनीतिक दल और उम्मीदवार नैतिक ढंग से चुनावी प्रक्रिया में भाग लें। यह एप आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की जांच करने में मदद करता है।
किसी भी अनियमितता वाली घटना की फोटो क्लिक कर सीधे कार्रवाई के लिए भेजी जा सकती है। 100 मिनट के भीतर कार्रवाई होगी। चौथा एप वोटर टर्नआउट है, जो मतदाताओं को पोलिंग बूथ के बारे में मतदान के दिन ताजा जानकारी देगा।
इन तमाम जानकारियों के साथ दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ, रणबीर सिंह ने दिल्लीवासियों से चुनाव में अधिकाधिक मतदान करनी की अपील की।