फरीदाबाद में आगामी 5 से 7 नंवबर तक छठ पूजा समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिला उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से घाटों की तैयारियां सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।
उपायुक्त ने बताया कि आगरा कैनाल, यमुना नदी के विभिन्न घाटों, सेक्टर-3 का नया पुल, खेड़ी पुल एवं पल्ला पुल के पास पूर्वांचल वासियों द्वारा पूजा और स्नान का आयोजन किया जाता है, जिसमें हजारों की संख्या में लोग भाग लेते हैं। इस बात के मद्देनजर संबंधित क्षेत्र के एसडीएम स्नान घाटों पर जरूरी उपाय करेंगे।
उन्होंने अपने कार्यालय की एफआरए शाखा को इन मौकों पर बोट, तैराक व गोताखोर आदि का प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने बताया कि छठ पर्व के शुभ अवसर पर जिला प्रशासन की तरफ से एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है जिसका दूरभाष नवम्बर 0129-2227937 है।
उन्होंने बताया कि त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए नगर निगम ओल्ड जोन के संयुक्तायुक्त महाबीर प्रसाद को डीसीपी सेंट्रल सहित फरीदाबाद सेंट्रल थाना क्षेत्र में, नगर निगम एनआईटी जोन के संयुक्तायुक्त भारत भूषण गोगिया को डीसीपी एनआईटी सहित थाना एनआईटी क्षेत्र में, रोडवेज महाप्रबंधक रीगन कुमार को डीसीपी बल्लबगढ़ सहित उपमंडल बल्लबगढ़ क्षेत्र में तथा तहसीलदार नरेश कुमार को डीसीपी ट्रैफिक सहित सेक्टर.20 के ट्रैफिक थाना क्षेत्र में ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया है।