बवाना इलाके में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में केमिस्ट पर तेजाब से हमला किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच करते हुए इस मामले के मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी और पीड़ित के बीच युवती को लेकर एक साल पहले झगड़ा हुआ था। इनके कब्जे से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम कॉलोनी नरेला निवासी मुकेश, स्वतंत्र नगर निवासी दीपांशु और सूरज के रूप में हुई है। जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन ने बताया कि 8 जनवरी की रात बवाना इलाके में एक केमिस्ट पर तेजाब फेंकने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तब तक परिवार वाले पीड़ित को पास के अस्पताल में ले जा चुके थे। पीड़ित की पहचान शिव शंकर वाली गली बवाना निवासी प्रकाश के रूप में हुई। डॉक्टरों ने उसे सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
जांच में पता चला कि प्रकाश केमिस्ट है और घटना के समय अपने दोस्तों के साथ दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान कार से तीन युवक आए और एक ने उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया और वहां से सभी भाग गए। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिसके जरिए पुलिस ने संदिग्ध कार की पहचान कर ली। उसके बाद पुलिस ने वारदात में शामिल मुख्य आरोपी मुकेश के साथ अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुकेश ने अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। आरोपियों ने खुलासा किया कि मुकेश एक युवती के साथ रिश्ते में था। पीड़ित भी उसी युवती के साथ रिश्ते में था। इसकी वजह से दोनों के बीच एक साल पहले झगड़ा हुआ था। जिसका बदला लेने के लिए आरोपी ने अपने दो दोस्तों की मदद से पीड़ित के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।