पीतमपुरा के रहने वाले एक बुजुर्ग को विदेशी कमोडिटी एक्सचेंज (ऑयल, क्रिप्टो करेंसी) में निवेश पर मोटे मुनाफा का झांसा देकर 1.22 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। महिला जालसाज ने विदेशी ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताकर बुजुर्ग से व्हाट्सएप पर संपर्क किया। इसके बाद ऑयल और क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने की बात कहकर ठगी को अंजाम दिया।
राकेश कुमार(64) सपरिवार पीतमपुरा इलाके में रहते हैं। उन्होंने बताया कि एक विदेशी महिला ने व्हाटसएप के जरिए उससे संपर्क किया। महिला ने खुद को यूनाइटेड किंगडम के ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने बुजुर्ग को विदेशी कमोडिटी एक्सचेंज में निवेश कर काफी मुनाफा होने का झांसा दिया।
बुजुर्ग ने बताया कि शुरू में उन्होंने दो हजार रुपये ट्रांसफर किए। इससे उन्हें कंपनी के वेबसाइट पर 1200 रुपये का मुनाफा दिखाया गया। इससे उत्साहित होकर उन्होंने कुल 1.22 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। फरवरी से मार्च 2022 के बीच वेबसाइट पर 5 करोड़ का मुनाफा दिखाया।
कुछ दिन बाद चार करोड़ का घाटा दिखाया गया। शक होने पर बुजुर्ग ने बाकी रकम उनके बैंक खाता में वापस करने के लिए कहा। पैसा वापसी के लिए महिला ने 3.76 लाख रुपये फीस मांगी। पीड़ित की शिकायत पर अपराध शाखा की साइबर यूनिट ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।