जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में 9 फरवरी, 2016 को कैंपस में लगे देश विरोधी नारों के मामले में स्पेशल सेल जल्द ही विशेष कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर सकती है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों की मानें तो चार्जशीट में कन्हैया कुमार, उमर खालिद और अनिर्बान भट्टाचार्य समेत कुछ कश्मीरी छात्रों को आरोपी बनाया गया है। फिलहाल ड्राफ्ट चार्जशीट तैयार कर उसे विशेषज्ञों के पास भेजा गया है। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद जल्द ही पुलिस मामले में चार्जशीट दाखिल कर सकती है। सूत्रों का कहना है कि चार्जशीट में फेरबदल संभव है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चार्जशीट में कन्हैया, उमर और अनिर्बान के अलावा आठ कश्मीरी छात्रों को आरोपी बनाया गया है। इनमें दो जेएनयू, दो जामिया, एक एएमयू व एक मुरादनगर के छात्र के अलावा दो अन्य छात्रों को आरोप बनाने की तैयारी है। वहीं चार्जशीट में कुछ ऐसे लोगों के नाम भी डाले गए हैं, जिनके खिलाफ पुलिस को सुबूत नहीं मिले हैं।
मामले की छानबीन के दौरान पुलिस ने आरोपियों के फेसबुक अकाउंट को भी खंगाला है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। एक आरोपी ने पूरे मामले का वीडियो फेसबुक पर शेयर किया था। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी बनाए गए लोगों के वीडियो और उनके फोन की लोकेशन को सुबूत के तौर पर रखा है।
वीडियो की फोरेंसिक जांच भी कराई गई है। विशेषज्ञों से राय लेने के बाद ड्राफ्ट चार्जशीट की कमियों को पूरा कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि 9 फरवरी, 2016 को जेएनयू परिसर में आतंकी अफजल गुरु की फांसी के विरोध में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद लोगों ने देश विरोधी नारेबाजी की थी।