दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने आशु बाबा के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मामले में चार्जशीट तैयार कर ली है। 300 पेज की चार्जशीट तैयार की गई है। चार्जशीट में पीड़ित महिला व उसकी सहेली के बयानों को ही अहम सुबूत माना गया है। मामला कई वर्ष पुराना होने के कारण पुलिस ज्यादा सुबूत नहीं जुटा पाई है। पुलिस ने आशु बाबा उर्फ आसिफ खान व उसके बेटे समेत समेत चार को मुख्य आरोपी बनाया है।
अपराध शाखा के सूत्रों के अनुसार, आशु बाबा उर्फ आसिफ खान के खिलाफ चार्जशीट तैयार हो गई है। चार्जशीट को शुक्रवार को संभवत: कोर्ट में दाखिल कर दिया जाएगा। पुलिस शुक्रवार को कोर्ट में इसलिए दाखिल करना चाहती है कि आशु बाबा समेत चारों आरोपियों की शुक्रवार को ही कोर्ट में पेशी है।
सूत्रों के अनुसार, चार्जशीट में गाजियाबाद की पीड़ित महिला के बयान, महिला की बेटी के बयान और पीड़ित महिला की सहेली के बयानों को अहम सुबूत माना गया है। पीड़ित महिला ने सीआरपीसी की धारा-161 (पुलिस के सामने बयान) और 164 (कोर्ट में बयान) के तहत एक जैसे बयान दिए हैं।
मामला पुराना होने के कारण पुलिस को पीड़ित व आरोपियों के मोबाइल की डिटेल नहीं मिली है। पुलिस ने आशु बाबा के हौजखास स्थित आश्रम की सीसीटीवी फुटेज को जब्त किया है। हालांकि फुटेज को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और पुलिस को अभी तक रिपोर्ट नहीं मिली है।