दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने के मामले में अभी चार्जशीट तैयार नहीं की है। स्पेशल सेल के सीनियर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की चार्जशीट तैयार की जाएगी। हालांकि अभी ड्राफ्ट चार्जशीट भी तैयार नहीं हुई है।
दूसरी तरफ जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को संसद हमले के दोषी अफजल गुरु की बरसी पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की जानकारी थी। इसके अलावा दिल्ली पुलिस मुख्यालय की ओर से देशद्रोह मामले की जांच की रिपोर्ट बुधवार को मांगी। मामले की जांच कर रही स्पेशल सेल की टीम को बुधवार को पुलिस मुख्यालय बुलाया गया था।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता दीपेंद्र पाठक ने बुधवार को मीडियाकर्मियों को बताया कि जेएनयू देशद्रोह का मामले एक संवेदनशील मामला है। इस मामले में जांच चल रही है। अभी किसी तरह का अनुमान नहीं लगाया जा सकता।