जामा मस्जिद के पास सांस्कृतिक कार्यक्रमों, हेरिटेज वॉक और पारंपरिक खानपान का मिलेगा अनुभव, 10 साल के लिए डीटीटीडीसी को सौंपने की तैयारी
विनोद डबास
नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली की गंगा-जमुनी तहजीब, साझा सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक परंपराओं को जीवंत करने के लिए जामा मस्जिद के पास स्थित चरती लाल गोयल हेरिटेज पार्क को सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जाएगा। यहां सांस्कृतिक संध्याओं, किस्सा-कहानी कार्यक्रमों, हस्तशिल्प प्रदर्शनियों, पारंपरिक खानपान और हेरिटेज वॉक का आयोजन होगा। इसके लिए एमसीडी ने पार्क के रखरखाव और प्रबंधन की जिम्मेदारी दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) को सौंपने का निर्णय लिया है।
पार्क में विभिन्न धर्मों और समुदायों की सांस्कृतिक गतिविधियों का नियमित कैलेंडर तैयार किया जाएगा। इसमें त्योहारों से जुड़े आयोजन, पारंपरिक कहानी प्रस्तुतियां, कलाकारों और शिल्पकारों के प्रदर्शन तथा खानपान के विशेष कार्यक्रम शामिल होंगे। स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए 'किस्सा-कहानी ओपन माइक' भी आयोजित किया जाएगा। इसमें लोग पुरानी दिल्ली से जुड़ी अपनी यादें, अनुभव और कहानियां साझा कर सकेंगे। पार्क की बारादरी, एम्फीथिएटर और कियोस्क का इस्तेमाल इन आयोजनों के लिए किया जाएगा।
इस पहल से जामा मस्जिद और पुरानी दिल्ली आने वाले पर्यटकों को यहां की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। साथ ही पार्क दिल्ली की विविध परंपराओं और सामाजिक सौहार्द को प्रदर्शित करने का मंच बनेगा।
10 साल के लिए मिलेगा प्रबंधन
एमसीडी के उद्यान विभाग ने वर्ष 2022 में वार्ड-75, पुरानी दिल्ली जोन में करीब 1.70 एकड़ में इस पार्क को विकसित किया था। तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इसका उद्घाटन किया था। पार्क में हरियाली, खुला एम्फीथिएटर, बारादरी, पार्किंग और कियोस्क जैसी सुविधाएं हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल ने इसके बेहतर रखरखाव की मांग उठाई थी। पार्क के ऐतिहासिक महत्व और पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए एमसीडी ने इसका प्रबंधन डीटीटीडीसी को शुरुआती 10 साल के लिए सौंपने का प्रस्ताव तैयार किया है।