नई दिल्ली। सावन माह के पहले दिन बृहस्पतिवार को राजधानी के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों के बाहर भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। हाथों में जल, दूध, बेलपत्र और फूल लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कई मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया। मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर, मादीपुर गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर समेत कई शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। ब्यूरो