इस वार्ड समिति को भाजपा अपने पास रखने के पक्ष में है, वहीं इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी को भी भाजपा की मांग पर कोई आपत्ति नहीं बताई जा रही है। पश्चिमी जोन की वार्ड समिति में आम आदमी पार्टी को मामूली बढ़त है। यहां आप के पास बहुमत का आंकड़ा जरूर है, लेकिन यह बढ़त केवल एक पार्षद की है। इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का दावा है कि वह आप के पार्षदों में तोड़फोड़ कर समीकरण बदल सकती है और वह वार्ड समिति पर दावा प्रस्तुत कर रही है।
इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी को एमसीडी में मिली मान्यता पार्षदों को दिया कार्यालय
एमसीडी में आम आदमी पार्टी से अलग हुए 15 पार्षदों के गुट को औपचारिक मान्यता मिल गई है। एमसीडी ने इस गुट को ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ के रूप में मान्यता देते हुए सिविक सेंटर में अलग कार्यालय भी उपलब्ध करा दिया है। एमसीडी अधिकारियों का कहना है कि अब इस पार्टी को भी अन्य दलों की तरह सभी सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से दी जाएगी। आप से अलग होकर पार्षदों ने शनिवार को इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का गठन किया था। उन्होंने वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल को अध्यक्ष व पार्षद दल का नेता चुना था। उन्होंने एमसीडी को लिखित रूप से सूचना दी कि उनके गुट ने एक नई पार्टी के रूप में खुद को संगठित किया है। साथ ही उनको पार्टी कार्यालय सहित बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने की शुरूआत की गई। एमसीडी सूत्रों के अनुसार आने वाले समय में इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी को समिति सदस्यता, बैठक में भागीदारी और अन्य प्रशासनिक सहूलियतें भी दी जाएंगी।
एमसीडी की 12 वार्ड समितियों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव दो को
एमसीडी की 12 वार्ड समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव दो जून को कराए जाएंगे। एमसीडी ने सोमवार को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। इस दौरान दक्षिणी जोन की वार्ड समिति और सिटी-पहाड़गंज वार्ड समिति में स्थायी समिति के सदस्यों के भी चुनाव होंगे। इन दोनों समितियों से गत वर्ष चुने गए स्थायी समिति सदस्य अब दिल्ली विधानसभा के विधायक बन चुके हैं। ऐसे में उनके स्थान पर नए स्थायी समिति सदस्य चुने जाएंगे। एमसीडी के निगम सचिव कार्यालय के अनुसार वार्ड समिति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 मई तय की गई है। उसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि दो जून को चुनाव के समय तक नाम वापस लिया जा सकता है। सभी समितियों के लिए चुनाव के बाद मतगणना कराई जाएगी।