100 फीसदी कचरा पृथक्करण का मानक हासिल किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए एनडीएमसी ने चाणक्यपुरी स्थित चाणक्य रेल एन्क्लेव को अपनी दसवीं ‘अनुपम कॉलोनी’ घोषित किया है। कॉलोनी में 100 प्रतिशत कचरा पृथक्करण की व्यवस्था और स्वच्छता के लिए निवासियों की सक्रिय भागीदारी को देखते हुए यह मान्यता दी गई है। एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने बृहस्पतिवार को कॉलोनी में शिलापट्ट का अनावरण कर इसकी औपचारिक घोषणा की। परिषद ने आगामी महीनों में पांच और कॉलोनियों को अनुपम कॉलोनी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा है। एनडीएमसी अध्यक्ष ने कहा कि अनुपम कॉलोनी का दर्जा केवल नाम नहीं, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अनुकरणीय मानक स्थापित करने की जिम्मेदारी भी है। इस पहल के तहत प्रत्येक कॉलोनी में 100 प्रतिशत कचरा पृथक्करण अनिवार्य है। इसके साथ ही गीले कचरे से कॉलोनी परिसर में ही खाद बनाने की व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इस अभियान में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और स्थानीय निवासियों की भागीदारी अहम है।