अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एनसीआरटीसी ने सराय काले खां नमो भारत स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) पर थूकने वालों के खिलाफ विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। इसके तहत यात्रियों को सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना भी लगाया।
एनसीआरटीसी के अनुसार, 30 जुलाई 2026 तक थूकने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले 56 लोगों के चालान काटे जा चुके हैं। अभियान के दौरान यात्रियों को बताया जा रहा है कि पान, गुटखा, तंबाकू आदि सार्वजनिक स्थानों पर थूकना प्रतिबंधित है। इससे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचता है व गंदगी फैलती है। एनसीआरटीसी ने बताया कि अधिकांश यात्री स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करते हैं और कई लोग स्वयं दूसरों को गंदगी फैलाने से रोकते हैं। इसके बावजूद कुछ यात्री स्टेशन परिसर में पेपर क्यूआर टिकट, प्लास्टिक कचरा इधर-उधर फेंक देते हैं और पान-गुटखे के दाग भी कई स्थानों पर दिखाई देते हैं।