दक्षिण द्वारका में पूर्व लोकसभा सांसद तूफानी सरोज के गले से एक बदमाश ने सोने की चेन झपट ली। तूफानी सरोज उत्तर प्रदेश के मछली शहर से सपा से सांसद रह चुके हैं। पूर्व सांसद की शिकायत पर पुलिस ने झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिए बदमाश की पहचान करने में जुट गई है।
पुलिस को दी शिकायत में पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने बताया कि वह सपरिवार सेक्टर-9 स्थित गायत्री अपार्टमेंट में रहते हैं। 19 जून की सुबह वह पत्नी के साथ नारियल पानी पीने के लिए सोसायटी से बाहर निकले थे। नारियल पानी पीने के बाद वह वापस जा रहे थे, तभी सोसायटी के गेट के नजदीक एक युवक उसके पास आया और गले से सोने की चेन झपटकर पैदल ही फरार हो गया।
तूफानी सरोज ने बताया कि बदमाश का चेहरा सोसायटी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पूर्व सांसद ने मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी को गिरफ्तार करने का अनुरोध किया है। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एएसआई स्तर के अधिकारी को जांच सौंप दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।