बांसेरा में हरित प्रदर्शनी का शुभारंभ, पार्कों को अध्ययन व संस्कृति का केंद्र बनाने की पहल
नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार को बांसेरा में दो दिवसीय प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। यमुना किनारे स्थित बांसेरा में दिल्ली विकास प्राधिकरण की पहली हरित प्रदर्शनी की शुरुआत हुई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, शहरी विकास और जलवायु संबंधी चुनौतियों पर मंथन किया जा रहा है। इसका उद्घाटन दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने किया।
उपराज्यपाल ने कहा कि बांसेरा इस बात का उदाहरण है कि सुनियोजित प्रयासों से प्रदूषित और अनुपयोगी भूमि को भी हरित क्षेत्र में बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। जो लोग अपने घरों के बाहर छोटे-छोटे पौधे लगाते हैं और उनकी देखभाल करते हैं, वे भी इस परिवर्तन के सहभागी हैं।
कार्यक्रम में शहरी नियोजन, अत्यधिक ताप से निपटने की रणनीति, बाढ़ प्रतिरोधक क्षमता, प्रकृति आधारित आधारभूत संरचना और हरित वित्त जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। नीति निर्माताओं, शहरी योजनाकारों और पर्यावरण विशेषज्ञों ने जलवायु अनुकूल विकास मॉडल पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर दिल्ली विकास प्राधिकरण ने कई राष्ट्रीय संस्थानों के साथ करार किए। इन समझौतों के तहत पार्कों में सामुदायिक नाट्य गतिविधियां, छात्र अनुसंधान कार्यक्रम, तकनीक आधारित सतत प्रबंधन उपाय और औषधीय वनस्पति उद्यान विकसित किए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार, पार्कों को केवल सैरगाह तक सीमित न रखकर उन्हें अध्ययन, संस्कृति और जनसहभागिता के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।