राजधानी में बढ़ते अपराधों को लेकर बने भय से वातावरण से दिल्लीवालों को सीसीटीवी लगने से राहत मिलेगी। यह बात नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना शुरू करने के मौके पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कही।
मुख्यमंत्री ने रविवार को पंडारा रोड व लक्ष्मीबाई नगर के रिहायशी इलाकों का दौरा भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती हालत से लोग चिंतित हैं। खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा चिंता का विषय है।
पूरी दिल्ली में तीन लाख सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू किया गया है। इसका फायदा यह होगा कि कोई भी गलत काम करने से पहले अपराधी सौ बार सोचेगा।
सीसीटीवी कैमरों से अपराध में कमी आएगी। इससे पुलिस आसानी से अपराधी तक पहुंच जाएगी। ये कैमरे रात में भी काम करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि द्वारका में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी सीसीटीवी में कैद होने के कारण कुछ ही घंटे में पकड़ा गया। चेन स्नेचिंग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सीसीटीवी में घटना रिकॉर्ड होने के बाद जवाबदेही तय होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तीन साल विपक्ष ने पूरी कोशिश की कि दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जाएं। उपराज्यपाल के निवास स्थान पर दिल्ली कैबिनेट ने धरना दिया, तब जाकर सीसीटीवी कैमरे लगाने की फाइल पास हुई।