संयुक्त टॉपर करिश्मा अरोड़ा ने कहा, ‘मुझे खेलकूद में दिलचस्पी नहीं है। जब भी मेरे पास खाली समय होता है मैं डांस करती हूं या आराम करती हूं। पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया से परहेज किया। कभी ट्यूशन नहीं लिया। प्रतिदिन आठ घंटे पढ़ाई की। मैं डांस थेरेपिस्ट और साइकोलॉजिस्ट बनना चाहती हूं।’ करिश्मा को सिर्फ अर्थशास्त्र में एक अंक कम मिले हैं। संयोग से दोनों ही टॉपर मनोविज्ञान की पढ़ाई करना चाहती हैं।
अंग्रेजी- 100
गृह विज्ञान-100
फाइन आर्ट-100
मनोविज्ञान-100
अर्थशास्त्र-99
केंद्रीय विद्यालय का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
बारहवीं के नतीजों में केंद्रीय विद्यालयों ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है। केवी का पास प्रतिशत सर्वाधिक 98.54 फीसदी रहा, जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय 96.62 फीसदी के साथ दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर 96.06 फीसदी के साथ सेंट्रल तिब्बतन स्कूल रहे। वहीं सरकारी स्कूलों का नतीजा निजी स्कूलों से अच्छा रहा। सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 87.17 फीसदी और निजी स्कूलों का पास प्रतिशत 82.59 फीसदी रहा।
तिरुवनंतपुरम जोन पहले स्थान पर
इस साल तिरुवनंतपुरम रीजन फिर से 98.2 फीसदी पास प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रहा। दूसरे स्थान पर 92.93 फीसदी के साथ चेन्नई और 91.87 फीसदी के साथ दिल्ली तीसरे स्थान पर रही। दिल्ली के छात्रों ने पिछले साल के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया और 2.87 फीसदी ज्यादा विद्यार्थी पास हुए।