केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं-12वीं के कुछ विषयों में कम रुचि के कारण बंद किए जा सकते हैं। इन्हें बंद किए जाने का फैसला कोर्सेज की समीक्षा करने के बाद ही लिया जाएगा। कोर्सेज को चालू रखने में स्कूल भी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 12वीं के कुछ विषय में तो इस बार 10 से भी कम छात्रों ने परीक्षा दी। इनमें से थियेटर स्टडी और ह्यूमन राइट्स ऐसे विषय हैं, जिसमें देश भर में एक-एक छात्र ने परीक्षा दी।
12वीं में कनार्टक संगीत, मोहिनीअट्टम डांस, हेल्थ सेंटर मैनेजमेंट, थियेटर स्टडीज और लाइब्रेरी एंड इफॉर्मेशन साइंस विषय की परीक्षा में इस बार देशभर से 10 से भी कम छात्र परीक्षा में बैठे। थियेटर स्टडी और ह्यूमन राइट्स विषय में तो यह संख्या एक-एक है। इस तरह से देशभर में एक ही स्कूल ने इन विषयों को ऑफर किया होगा।
दरअसल कई विषयों को स्कूल ऑफर ही नहीं करते ऐसे में परीक्षा में बैठने वाले छात्रों की संख्या कम होती है। हाल ही में संपन्न हुई 10वीं-12वीं के कुल विषयों की संख्या 213 रही, लेकिन अगले साल से यह संख्या 200 तक रह सकती है। बोर्ड सचिव अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि हर साल बोर्ड कोर्सेज की समीक्षा करता है। अब कुछ विषयों में बच्चों की संख्या कम थी। यदि अगले साल भी यही स्थिति रहेगी तो ऐसे कोर्सेज को बंद करने के विषय में सोचा जाएगा, लेकिन अभी यह कहना मुश्किल है कि यह कोर्सेज कौन से होंगे।