-सीबीएसई ने 12 से 16 मार्च तक होने वाली परीक्षाएं की स्थगित की
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मध्य-पूर्व क्षेत्र के सात देशों में बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है। सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में 12 से 16 मार्च के बीच होने वाली परीक्षाएं टाल दी हैं। नई तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी। बोर्ड ने बताया कि 14 मार्च को क्षेत्र की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद 16 मार्च से आगे निर्धारित बाकी परीक्षाओं को लेकर निर्णय लिया जाएगा। सीबीएसई ने सभी विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अपने-अपने स्कूलों के संपर्क में रहें। ब्यूरो